इंजीनियरिंग छात्र गंगा में डूबा, 24 घंटे बाद मिला शव

0
188

हरिद्वार में पढ़ाई कर रहा था युवक, एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन                                           बक्सर खबर। मुंडन संस्कार में शामिल होने अपने ननिहाल आए एक होनहार युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा नैनीजोर थाना क्षेत्र के बेयासी पुल स्थित गंगा घाट पर सोमवार को हुआ। घटना के करीब 24 घंटे बाद मंगलवार की दोपहर युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहा पंचायत के मैनपुरी गांव निवासी वैभव कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह हरिद्वार में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिनों पूर्व मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल ब्रह्मपुर आया हुआ था।

परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह वैभव अपने मामा के घर गायघाट से बेयासी पुल स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते तेज धारा में समा गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह लहरों में ओझल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव और ननिहाल दोनों जगह शोक की लहर दौड़ गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here