बहन की शादी से पहले घर में पसरा मातम, एक ही दिन होनी थी दो-दो शादियां बक्सर खबर। जिले के सिमरी में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, बारात से लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार सिमरी निवासी अली हुसैन अपने मामा के साथ बाइक से अपने भाई इम्तियाज की बारात से लौट रहे थे। बारात भोजपुर जिले के गजराज गंज गई थी और मंगलवार को वापस आ रही थी। इसी दौरान सिमरी थाना क्षेत्र के मझवारी मोड़ के समीप एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक की बहन की बारात भी मंगलवार को ही आने वाली थी। ऐसे में एक ही घर में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस हादसे के बाद खुशियों का माहौल गम में बदल गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।































































































