अग्नि सुरक्षा सेवा सप्ताह शुरू, शहीद अग्निशमन कर्मियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

0
58

सदर एसडीएम और एसडीपीओ ने पिन फ्लैग लगाकर अभियान को दिया समर्थन, 20 अप्रैल तक चलेगा जन-जागरूकता कार्यक्रम                                               बक्सर खबर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित अग्निशमन कार्यालय परिसर में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) की शुरुआत की गई। इस अवसर पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं विभागीय कर्मियों ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों को पिन फ्लैग लगाकर अभियान से जोड़ा गया। शहर के वीके ग्लोबल हॉस्पिटल एवं रिया हॉस्पिटल में अग्नि अंकेक्षण के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया तथा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस दौरान पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया। जिले में जन-जागरूकता के लिए विभिन्न स्थानों पर बैनर और होर्डिंग भी लगाए गए हैं। सुनंदा कुमारी ने बताया कि इस वर्ष का थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज-आग की रोकथाम के लिए एक साथ” रखा गया है। इसके तहत 20 अप्रैल तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के पीछे एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक पर खड़े मालवाहक जहाज एसएस फोर्ट स्टिकिन में भीषण आग लगने से दो बड़े विस्फोट हुए थे, जिसमें 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और बलिदान की स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है।

फोटो – वीके ग्लोबल हॉस्पिटल में माॅक ड्रिल करते अग्निशमन कर्मचारी

उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं, इसलिए इस दौरान लोगों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। स्कूलों, अस्पतालों और बहुमंजिला इमारतों में मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को आपात स्थिति में सुरक्षित निकलने के तरीके सिखाए जाते हैं। अंत में उन्होंने अपील की कि अग्नि सुरक्षा केवल विभाग की नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत डायल 101 या 112 पर संपर्क करना चाहिए। साथ ही विभागीय हेल्पलाइन नंबर 74858 05930 एवं 74858 05931 भी जारी किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here