घंटा-घड़ियाल व गीतों के साथ शहर में दिया नववर्ष का संदेश बक्सर खबर। हिंदू नववर्ष के अवसर पर शहर का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा। नगर की केशव प्रौढ़ व्यवसाई शाखा के तत्वावधान में स्वयंसेवकों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर शहरवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। प्रभात फेरी की शुरुआत बंगाली टोला स्थित पानी टंकी के समीप से हुई, जहां से स्वयंसेवकों का जत्था घंटा-घड़ियाल और देशभक्ति व धार्मिक गीतों के साथ निकला। इस दौरान भारत माता की जय और जय श्री राम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। स्वयंसेवकों ने शहर की विभिन्न सड़कों और मुहल्लों में भ्रमण कर लोगों को हिंदू नववर्ष का संदेश दिया और सांस्कृतिक जागरूकता का परिचय दिया। प्रभात फेरी का समापन संघ स्थान पर संघ प्रार्थना के साथ किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि इसी दिन सृष्टि की स्थापना मानी जाती है। साथ ही प्रभु श्रीरामचंद्र और धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक भी इसी तिथि को हुआ था। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती भी इसी दिन मनाई जाती है। कार्यक्रम में ओम प्रकाश वर्मा, अवधेश पांडेय, अवनिंद्र कुमार, अरविंद सिंह, गौरव कुमार, मोहन वर्मा, मोहन जी केशरी, रोहित केशरी, गुप्तेश्वर केशरी, राम नारायण, विजय जायसवाल, अक्षय ओझा, अनिल शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, अविनाश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

































































































