बुढ़िया काली माई मंदिर में आज वार्षिक पंचित पूजा महोत्सव

0
1

सुरक्षा और सुचारु दर्शन के लिए महिलाओं-पुरुषों की लगेंगी अलग-अलग कतारें                                                                 बक्सर खबर। बाईपास रोड स्थित बुढ़िया काली माई मंदिर में सोमवार को वार्षिक पंचित पूजा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव शिवकुमार खेमका ने बताया कि 19 जून से मां काली का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना जारी है। सोमवार को होने वाली वार्षिक पंचित पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। महिलाओं का प्रवेश बाईपास रोड की ओर से होगा, जबकि पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के दाहिने तरफ से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। समिति के स्वयंसेवक पूरे समय व्यवस्था संभालेंगे।

उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक वार्षिक पंचित पूजा होगी। इस दौरान मंदिर आम श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए बंद रहेगा। पूजा में केवल मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद अपराह्न 3 बजे से मंदिर पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। इसकी जिम्मेदारी बसंत कुमार को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों की टीम मंदिर परिसर और आसपास तैनात रहेगी। मंदिर प्रबंधन समिति ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने, कतारबद्ध होकर दर्शन करने तथा महोत्सव को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। समिति ने विश्वास जताया कि मां काली की कृपा से इस वर्ष का पंचित पूजा महोत्सव भी श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में संपन्न होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here