‌‌‌गलत लेन में चल रहे स्कूल वाहन से टकराया ट्रक, छात्र घायल

0
2502

– तीन छात्रों को आई है गंभीर चोटें, एनएच पर हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। बक्सर-आरा एनएच पर बुधवार की दोपहर दो बजे के लगभग बड़ी दुर्घटना हो गई। छात्रों को लेकर जा रहे स्कूल वाहन को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हालांकि ट्रक चालक ने वहां जोरदार ब्रेक लगाया। जिसका परिणाम रहा कि वाहन में सवार सभी सात लोग बच गए हैं। लेकिन, तीन छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। पूछताछ में पता चला उस वाहन में छह छात्र व चालक समेत सात लोग सवार थे। सभी को चोटें आई हैं।

दुर्घटना नया भोजपुर ओपी के प्रतापसागर गांव के समीप हुई। बच्चे उसी गांव के थे। तुरंत ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को वाहन से निकालकर वहीं पास में स्थित प्रतापसागर मेथोडिस्ट अस्पताल में दाखिल कराया गया। तीन बच्चों और चालक को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

-मौके पर दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वाहन

इसकी सूचना मिलते ही नया भोजपुर ओपी की पुलिस व डुमरांव के एसडीपीओ अफाक अंसारी मौके पर पहुंचे। ट्रक को भी दलसागर टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया गया। हालांकि उसे भी चोंटे आई हैं। उसने बताया हमारी गलती नहीं थी। वह उल्टी लेन में तेज गति से आ रहा था। घायलों में तीन का उपचार प्रतापसागर में चल रहा है। जिनका नाम गोलू, शिवम व कृति कुमारी है।

घायलों का हाल-चाल लेते अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर आर के सिंह

अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर आरके सिंह ने भी बच्चों का हाल जाना और सबको खतरे से बाहर बताया। मौके पर मिले डीएसपी ने बताया सभी बच्चे प्रतापसागर गांव के ही हैं। जिन्हें छुट्टी के बाद घर छोड़ने के लिए गोपालपुर गांव के निजी विद्यालय से वाहन प्रतापसागर आ रहा था। तभी यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त किया है। सभी घायल सुरक्षित हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here