बलिया-आरा रेल मार्ग: जगजीवन हाल्ट नहीं, डुमरांव से एलाइनमेंट जोड़ने की मांग

0
52

संघर्ष समिति ने रेल मंत्री को भेजा पत्र, निर्माण लागत में आएगी भारी कमी                                                    बक्सर खबर। प्रस्तावित बलिया-आरा रेल मार्ग के एलाइनमेंट को लेकर बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल पथ निर्माण संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार से बड़ी मांग की है। समिति ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर प्रस्तावित रेल मार्ग का एलाइनमेंट जगजीवन हाल्ट के बजाय डुमरांव स्टेशन से करने का आग्रह किया है। समिति के संस्थापक सह महासचिव उमेश गुप्ता रैनियार ने कहा कि डुमरांव सात प्रखंडों का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यह क्षेत्र भौगोलिक, धार्मिक और व्यापारिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने बताया कि डुमरांव बिस्मिल्लाह खान की जन्मस्थली है। यहां ऐतिहासिक नवरत्न गढ़ किला और राजा भोज की नगरी जैसी सांस्कृतिक विरासत भी मौजूद है। इसके अलावा क्षेत्र में बीएमपी-4, बीएमपी-18, मेडिकल कॉलेज और कृषि विश्वविद्यालय जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं संचालित हैं।

समिति ने पत्र में तकनीकी पक्ष भी रखा है। बताया गया है कि वर्तमान एलाइनमेंट वाले क्षेत्र में कई स्थानों पर दलदली भूमि है, जिससे निर्माण कार्य में कठिनाई आ सकती है। वहीं डुमरांव स्टेशन से एलाइनमेंट होने पर कुल दूरी 71 किलोमीटर से घटकर करीब 19 किलोमीटर रह जाएगी। समिति का दावा है कि इससे निर्माण लागत में भारी कमी आएगी और परियोजना कम समय में पूरी हो सकेगी। उमेश गुप्ता रैनियार ने कहा कि नवानगर इकोनॉमिक क्षेत्र में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से विशेष आर्थिक क्षेत्र का निर्माण किया गया है। यहां कोका-कोला प्लांट और इथेनॉल कंपनियां बड़े स्तर पर निवेश कर रही हैं। ऐसे में डुमरांव से रेल संपर्क होने पर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

समिति ने कहा कि वर्तमान में बलिया से डिहरी जाने में 10 से 12 घंटे का समय लगता है। नई रेल लाइन बनने के बाद यह दूरी महज दो से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस मांग के समर्थन में सद्दाम हुसैन, रघुनाथ प्रसाद, मोहन जायसवाल सहित कई लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। पत्र की प्रतियां गुरुवार को प्रधानमंत्री कार्यालय और पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को भी भेजी गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here