रामरेखा घाट पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र बक्सर खबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 मई को बक्सर आगमन के दौरान शहर के विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण मांग सामने आई। रामरेखा घाट पर आयोजित लाइट एंड साउंड उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर गोलंबर से सेंट्रल जेल तक गंगा किनारे सड़क निर्माण कराने की मांग की। मांगपत्र में कहा गया है कि पटना के जेपी गंगा पथ की तर्ज पर बक्सर में भी गंगा किनारे आधुनिक पथ का निर्माण कराया जाए। प्रस्तावित सड़क शहर के गोलंबर से चरित्रवन होते हुए सेंट्रल जेल तक बनाई जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने पत्र में उल्लेख किया कि बक्सर एक पौराणिक और धार्मिक नगर है। गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और पर्व-त्योहारों के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है। वर्ष में करीब 100 दिनों तक शहर जाम की समस्या से प्रभावित रहता है। इससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे सड़क बनने से शहर को गंगा कटाव से सुरक्षा मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। ओम प्रकाश भुवन ने इसे बक्सर के लिए ऐतिहासिक परियोजना बताते हुए मुख्यमंत्री से शीघ्र पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी।
































































































