पत्नी जुबैदा खातून को मिला वीर सैनिक सम्मान बक्सर खबर। रोटरी क्लब एवं मानवाधिकार संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के केसठ निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर शहीद मो. असलम के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद की पत्नी जुबैदा खातून को ‘रोटरी वीर सैनिक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने जुबैदा खातून को शॉल, सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया। रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनके परिवारों का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है।
उन्होंने जुबैदा खातून को नारी शक्ति की मिसाल बताते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में तीन बच्चों का पालन-पोषण कर वह समाज के लिए प्रेरणा बनी हैं। कार्यक्रम के दौरान शहीद की याद में भावुक हुईं जुबैदा खातून को प्रतिनिधिमंडल ने सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शहीद परिवार के लिए हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों से पहल करने का निर्णय लिया गया। वहीं शहीद मो. असलम की स्मृति में स्मारक निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। मौके पर रोटरी क्लब के सचिव एसएम साहिल, रोटरैक्ट सदस्य राहुल कुमार, मनीष पांडेय, सुहैब अली सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।


































































































