पराली जलाने और अगलगी पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने की बड़ी बैठक

0
100

बिना निबंधन और फिटनेस के नहीं चलेंगे हार्वेस्टर, खेतों में बीड़ी-सिगरेट फेंकने वालों पर होगी एफआईआर                                      बक्सर खबर। सदर अनुमंडल कार्यालय में शुक्रवार को एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित क्षेत्र के सभी कृषि समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक में पराली जलाने पर रोक, हार्वेस्टर से फसल कटाई के नियमन, गर्मी के मौसम में आगलगी की घटनाओं की रोकथाम समेत विभिन्न कृषि मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान एसडीएम ने कृषि समन्वयकों से क्षेत्र में किसानों की समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को हर हाल में रोकना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए किसानों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

हार्वेस्टर के संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। बताया गया कि सभी हार्वेस्टर का निबंधन अनिवार्य होगा और उनकी फिटनेस की नियमित जांच की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि कई बार हार्वेस्टर की लापरवाही से फसलों में आग लगने की घटनाएं होती हैं, इसलिए इस पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही हार्वेस्टर चालकों का सत्यापन और उनका प्रशिक्षित होना भी अनिवार्य किया गया। आगलगी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सभी थानाध्यक्षों को रात्रि गश्ती बढ़ाने और रोको-टोको अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। ऐसे लोगों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया जो खेतों में बीड़ी-सिगरेट फेंक देते हैं, जिससे आग लगने की संभावना रहती है। पकड़े जाने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, अग्निशमन विभाग को फसल कटाई के मौसम में पूरी तरह सतर्क रहने और फायर एक्सटिंग्विशर को हमेशा तैयार स्थिति में रखने को कहा गया। साथ ही सभी कृषि समन्वयकों और सलाहकारों को निर्देश दिया गया कि वे अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग और संबंधित थानों के अधिकारियों के संपर्क नंबर अपने पास अनिवार्य रूप से रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here