23 मई को आएंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, किला मैदान में बन रहा हेलीपैड

0
493

जेल की चहारदीवारी से वामन मंदिर को मुक्त कराने की घोषणा के बाद पहला दौरा, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी                                                      बक्सर खबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिख रहा है। आगामी 23 मई को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। ऐतिहासिक किला मैदान में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए हेलीपैड का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। वहीं, सेंट्रल जेल स्थित भगवान वामन मंदिर तक जाने वाले मार्ग का कालीकरण भी तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला बक्सर दौरा होगा। इसे लेकर सुबह से शाम तक जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की बैठक एवं स्थल निरीक्षण जारी रहा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री किला मैदान में उतरने के बाद भगवान वामन मंदिर जाएंगे। इसके बाद गंगा तट पर पुनर्निर्मित लाइट एंड साउंड परियोजना का उद्घाटन करेंगे। साथ ही रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में भी उनके जाने की संभावना है।

पूर्व में समृद्धि यात्रा के दौरान तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान वामन मंदिर को सेंट्रल जेल की चारदीवारी से मुक्त कराने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह दौरा राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 23 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। प्रतिबंधित मार्गों में आईटीआई मोड़, सेंट्रल जेल मोड़, नाथ बाबा पुल, किला मैदान, थाना चौक, सुमेश्वर स्थान, सिपाही घाट, ज्योति चौक, रामरेखा घाट और ताड़का नाला मार्ग शामिल हैं। चारपहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और बाइक चालकों के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। वाहनों को गोलंबर, सिंडिकेट, बाईपास बस स्टैंड, ज्योति चौक, डीएवी मोड़, अंबेडकर चौक, आईटीआई रोड और चौसा मार्ग होकर गुजरना होगा। इसी तरह रेलवे ओवरब्रिज और इटाढ़ी रोड होकर भी यातायात संचालित किया जाएगा।

23 मई को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक शहर में सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन ने इसे लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, मरीजों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर कोई रोक नहीं रहेगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से टिकट साथ लेकर निकलने की अपील की गई है, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही आम लोगों से 23 मई को बहुत जरूरी होने पर ही चारपहिया वाहनों का उपयोग करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here