384 बोतल अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

0
247

गाजीपुर से पटना ले जाई जा रही थी शराब, उत्पाद विभाग की सघन जांच में हुआ खुलासा                                बक्सर खबर। बिहार-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार की सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। जांच अभियान के दौरान एक कार से भारी मात्रा में शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में सेतु पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गाजीपुर से पटना जा रही एक हुंडई आई 20 कार रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 01 बीजेड -2581 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से ऑफिसर चॉइस व्हिस्की (180 मिलीलीटर) की कुल 384 बोतलें बरामद की गईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 69.120 लीटर आंकी गई है।

कार में सवार समस्तीपुर जिले के मोहनपुर गांव निवासी गौरीशंकर राय के 26 वर्षीय पुत्र उत्पल कांत कुमार और अवधेश राय के 25 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गाजीपुर से शराब लाकर पटना ले जा रहे थे। उत्पाद विभाग की टीम ने कार और शराब को जब्त कर लिया है तथा दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here