ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार, ट्रैक्टर ड्राइवर का बनारस में चल रहा इलाज बक्सर खबर। चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर बुधवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घायल की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के मगराव गांव निवासी 44 वर्षीय सुमन राजभर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह किसी काम से ट्रैक्टर लेकर जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चौसा की तरफ आ रहे ट्रक से महादेवा घाट के पास सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घायल चालक का इलाज फिलहाल बनारस में चल रहा है। प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
































































































