फर्नीचर, रैम्प व बुनियादी सुविधाएं पूरी करने पर जोर, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश बक्सर खबर। शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने नगर परिषद द्वारा निर्मित नए वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया और इसके शीघ्र संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए बताया कि भवन में कुल 12 कमरे बनाए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए तथा फर्नीचर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर नियमानुसार वृद्धाश्रम का संचालन शुरू कराया जाए। इसके साथ ही वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैम्प जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में परिसर के आसपास पथों के किनारे कचरा और नालियों में ठोस अपशिष्ट पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वच्छता प्रभारी को तत्काल पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई कराने और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धाश्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, इसलिए इसकी सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
































































































