हथियार दिखाकर लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध

0
237

24 अप्रैल को हुई थी वारदात, लूटी गई बाइक, मोबाइल और वीडियो कैमरा बरामद                                       बक्सर खबर। बक्सर पुलिस ने इटाढ़ी थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज लूट की घटना का सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। मंगलवार को इटाढ़ी थाना में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 24 अप्रैल को रोहतास जिले के दिनारा थाना अंतर्गत छपरा टोला निवासी पंकज कुमार अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी थाना के मनोहरपुर गांव के पास कवल पोखर के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनसे एक वीडियो कैमरा, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली थी। इस संबंध में इटाढ़ी थाने में कांड संख्या 79/26 दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। मानवीय सूचना संकलन की मदद से पुलिस सबसे पहले सुजातपुर निवासी मनीष ठाकुर उर्फ अंशु ठाकुर तक पहुंचने में कामयाब रही। पूछताछ के दौरान मनीष ठाकुर ने लूट की इस वारदात में अपनी और अपने अन्य सहयोगियों की संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर दूसरे अभियुक्त प्रेमचंद पाठक को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में शामिल दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया। अपराधियों के पास से लूटा गया वीडियो कैमरा, 4 मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक देसी पिस्टल बरामद की गई है। गिरफ्तार प्रेमचंद पाठक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के साथ अंचल पुलिस निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी सुधीर कुमार, इटाढ़ी थाना अध्यक्ष सोनू कुमार पासवान, धनसोई थाना अध्यक्ष विकास कुमार, पु०अ०नि० दीपक कुमार झा और डीआईयू की टीम शामिल थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here