-आरपीएफ ने घेराबंदी कर आरोपी को प्लेटफॉर्म पर दबोचा बक्सर खबर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार को आरपीएफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक झपटमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला यात्री के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहा था। घटना प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन की है। ट्रेन से अचानक चोर-चोर की आवाज सुनाई दी। इसके बाद प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ की विशेष निगरानी टीम सक्रिय हो गई। आरपीएफ उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, एएसआई उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार और करण सिंह ने घेराबंदी कर आरोपी को प्लेटफार्म संख्या दो और तीन के बीच दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह औद्योगिक थाना क्षेत्र के गगोरा गांव का रहने वाला बताया जाता है। पीड़ित यात्री राजेश पटेल ने बताया कि उनकी पत्नी बेटी को गोद में लेकर ट्रेन में बैठी थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनके गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और भागने लगा। आरपीएफ ने तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से चोरी किया गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना को सौंप दिया गया।
































































































