बुढ़िया काली मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

0
82

झमाझम बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं की आस्था, छप्पन भोग और भव्य आरती के साथ संपन्न हुई वार्षिक पंचित पूजा                                                                    बक्सर खबर। शहर के बाईपास रोड स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक बुढ़िया काली माई मंदिर में सोमवार को वार्षिक पंचित पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। सुबह से हो रही तेज बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। दिनभर और देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। सुबह चार बजे से ही माता के दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक पंचित पूजा संपन्न कराई गई। रात्रि 8:30 बजे भव्य आरती और छप्पनभोग के साथ पूजा का समापन हुआ।

मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। सीसीटीवी से निगरानी, महिला स्वयंसेवकों की तैनाती, पुलिस बल की मौजूदगी, शीतल पेयजल, शर्बत, वाटरप्रूफ टेंट और निःशुल्क जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था की गई थी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़, पूड़ी और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने बुढ़िया काली माई के साथ भैरव बाबा, घरबसवनी माता और निमिया माई की भी विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘जय मां काली बक्सर नगर वाली’ के जयघोष से गूंजता रहा। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रदीप राय, सचिव शिवकुमार खेमका, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सर्राफ और सुरक्षा सहायक बसंत कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया।

समिति ने जिला प्रशासन, पुलिस, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उधर, शहर के कोईरपुरवा स्थित मां काली मंदिर में भी वार्षिक पंचित पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here