बक्सर के अटल सिंह पर सीबीआई ने घोषित किया 50 हजार का इनाम

0
1567

– बंगाल के मुख्यमंत्री पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड का है मुख्य आरोपी
शहर में लगाए गए पोस्टर, सुराग देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त
बक्सर खबर। सीबीआई की कोलकाता एंटी करप्शन ब्रांच को बक्सर निवासी कृष्णा कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह की सरगर्मी से तलाश है। वह नगर थाना क्षेत्र के चीनी मिल मोहल्ले का रहने वाला है और चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड का मुख्य आरोपियों में शामिल बताया गया है। सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एजेंसी के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सीबीआई ने आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 50 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

रविवार शाम सीबीआई ने नगर थाना के मुख्य द्वार, वीर कुंवर सिंह चौक समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर आरोपी के फोटोयुक्त पोस्टर चस्पा किए। लोगों से अपील की गई है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सीबीआई के हेल्पलाइन नंबर (011 24368641, 9650394813 ) या ईमेल पर सूचना दें। गौरतलब है कि 6 मई 2026 को उत्तर 24 परगना के मध्यम ग्राम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में पश्चिम बंगाल पुलिस और एसटीएफ ने टोल प्लाजा पर हुए एक यूपीआई भुगतान के आधार पर सुराग जुटाया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश और बिहार के बक्सर से कई संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई। अब तक कई शार्प शूटर और अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि कृष्णा कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here