बक्सर खबर। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। वैसे प्रशासनिक सूचना है कि पानी अभी एक सेंटीमीटर नीचे है। अर्थात गंगा का जलस्तर 60॰31 है। जबकि अपने यहां खतरे का निशान 60॰32 मीटर है। इसे आप जिले के लिए सुखद संयोग समझे। पड़ोस के जिले गाजीपुर और बलियां दोनों जगह गंगा खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। इन दोनों जिलों में तबाही की खबर भी मिल रही है। पर अपने यहां हालात सामान्य और पूरी तरह नियंत्रण में हैं। फिलहाल चौसा-रामगढ़ पथ पर चौसा-गोला के आगे पानी चढ़ गया है। हालाकि इससे आवागमन बाधित नहीं है। पर गाड़ियों की रफ्तार पर इसका असर है।
वहीं दूसरी तरफ आज जिलाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी अधिकारियों को आगाह किया। उनके आदेश का अनुपालन करते हुए सदर एसडीओ केके उपाध्याय ने बोट से गंगा का जायजा लिया। इन अधिकारियों ने तटवर्ती इलाके का निरीक्षण किया। हर जगह स्थिति सामान्य होने की सूचना है। सूत्रों ने बताया कि गंगा के दबाव के कारण ठोरा का जलस्तर बढ़ा है। इटाढ़ी के पास बसे कुछ गांव जैसे सिकटौन्हा आदि पानी से घीर गए हैं। लेकिन, उनका संपर्क भंग नहीं हुआ है। वहीं चौसा प्रखंड के बनारपुर गांव में भी पानी पहुंच गया है। वहां भी एसडीओ पहुंचे। चौसा-रामगढ़ पथ पर जहां पानी चढ़ा है। वहां चौकीदार तैनात करने का निर्देश दिया। जिससे आने-जाने वालों को आगाह किया जा सके।





























































































