‌‌‌ऐतिहासिक दिन : जेल से अलग होगा वामन मंदिर, बिहार सरकार की मंजूरी

0
2

– एक एकड़ 90 डिसमिल जमीन पर तीन तरफ से खड़ी होगी 14 फीट उंची दीवार
बक्सर खबर। भगवान वामन का मंदिर जेल परिसर से अलग होगा। यह प्रस्ताव बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल के द्वारा अनुमोदित कर दिया गया। इसकी सूचना भी गृह विभाग के सचिव कुन्दन कुमार ने प्रेस नोट जारी कर दी है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे ऐतिहासिक दिन बताया गया है। ज्ञात हो कि पिछले माह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वामन मंदिर को दौरा किया था। यहां पूजा अर्चना करने के उपरांत उन्होंने लाइट एंड  साउंड बक्सर का शुभारंभ भी किया था। लेकिन, उस समय वामन मंदिर के लिए कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई।

अब जो प्रेस नोट जारी हुआ है उसमें कहा गया है। वामन मंदिर के सौंदर्यीकरण व विकास के लिए कुल एक एकड़ 90 डीसम जमीन को अलग करने का प्रस्ताव हुआ है। इसमें तीन तरफ से 14 फीट उंची तार की बाड़ लगाई जाएगी। ऐसा जेल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। तार की बाड़ से दोनों तरफ आसानी से देखा जा सकता है। एक तरफ से पूर्व ही पक्की दीवार है। इसमें प्रवेश का उल्लेख भी प्रमुखता से हुआ है। अभी जो छोटा गेट है, जिसे पैदल लोग ही पार कर सकते हैं। उसका भी स्वरूप बदलेगा।

इसको लेकर बक्सर के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी व शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी पोस्ट शेयर कर बक्सर के लोगों को बधाई दी है। सदर विधायक आनंद मिश्रा व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है। क्योंकि बक्सर का जनमानस लंबे समय से भगवान वामन को जेल से मुक्त करने की मांग करता रहा है। जिसको लेकर वामन चेतना मंच के अध्यक्ष मृत्युंजय चौबे ने भी ज्ञापन दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here