—बिना पारगमण काल के तत्काल योगदान का निर्देश बक्सर खबर। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार शिक्षा सेवा के कई अधिकारियों का तबादला किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार बक्सर को नए जिला शिक्षा पदाधिकारी मिल गए हैं। नए जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में इन्द्र कुमार कर्ण की नियुक्ति की गई है। वह इससे पहले मुजफ्फरपुर में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वे मूल रूप से मधुबनी जिले के निवासी हैं। सरकार ने उनकी तैनाती उनके वर्तमान वेतनमान में ही की है।
विभागीय आदेश के अनुसार उन्हें पारगमण काल का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में उन्हें तत्काल बक्सर पहुंचकर अपने पद का प्रभार ग्रहण करना होगा। प्रभार ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना शिक्षा विभाग, बिहार को भी भेजनी होगी। विभाग ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग के निदेशक रंजन कुमार द्वारा जारी यह अधिसूचना राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी की गई है।






























































































