सदर की श्वेता सिंह का तबादला, अनीता बनीं राजपुर की नई बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बक्सर खबर। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता, कार्यहित तथा तीन वर्ष की सेवा अवधि पूरी होने के आधार पर किया गया है। बक्सर सदर में कार्यरत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्वेता सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनका नया पदस्थापन रोहतास जिले के नोखा में किया गया है। वे मूल रूप से कैमूर जिले की रहने वाली हैं। तबादला सूची के तहत जिले के राजपुर परियोजना को नई सीडीपीओ मिली हैं। बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग, पटना में कार्यरत अनीता को स्थानांतरित कर राजपुर में पदस्थापित किया गया है। उनका गृह जिला गोपालगंज है।
वहीं, चौसा परियोजना में भी नई पदाधिकारी की तैनाती की गई है। मधुबनी जिले के कलुआही में कार्यरत श्वेता कुमारी को स्थानांतरित कर चौसा में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बनाया गया है। उनका गृह जिला पटना है। समाज कल्याण विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अविलंब नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जुलाई का वेतन संबंधित अधिकारियों को उनके नए पदस्थापित कार्यालय से ही मिलेगा।





























































































