ट्रक से 22 लाख की विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

0
148

जालंधर से गुवाहाटी जा रहे ट्रक में टायर-ट्यूब के नीचे छिपी थी 1800 लीटर शराब, पटना में होनी थी डिलीवरी                                           बक्सर खबर। शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार की शाम शहर के वीर कुंवर सिंह सेतु पर विशेष जांच अभियान के दौरान जालंधर से गुवाहाटी जा रही एक ट्रक से करीब 22 लाख रुपए मूल्य की 1800 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। चेक पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध ट्रक (एचपी 24 एफ 0242) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में लदे टायर, ट्यूब और बेडशीट के बीच छुपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

जांच में 750 मिलीलीटर की 150 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की (कुल 1350 लीटर) और 50 पेटी मैकडॉवेल व्हिस्की (कुल 450 लीटर) जब्त की गई। कुल मिलाकर 1800 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला अंतर्गत नगरांव गांव निवासी महेंद्र सिंह 38 वर्ष और सम्लाह गांव निवासी राजेश कुमार 41 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ट्रक में लदे टायर, ट्यूब और बेडशीट की डिलीवरी गुवाहाटी में की जानी थी, जबकि छुपाकर रखी गई शराब को पटना पहुंचाना था। उत्पाद विभाग ने ट्रक और शराब दोनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here