‌‌‌पति के संग मायके आई युवती के साथ छेड़खानी, विरोध करने पर मारपीट

0
2253

-छह के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी, एक गिरफ्तार अन्य फरार
बक्सर खबर। जब कोई महिला अपने पति के साथ बाजार जाए और मनचले उसे परेशान करें तो यह कोई सामान्य अपराध नहीं है। ऐसी ही घटना शनिवार की शाम टुडीगंज बाजार में अपने मायके आई विवाहिता के साथ हुई। साथ में उसका पति भी मौजूद था। उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ स्थानीय युवकों ने मारपीट की। पति के साथ मारपीट होते देख युवती ने फोन कर अपने भाईयों को सूचना दी। वे भी बाजार में आ धमके। लेकिन वहां जमा लोगों की संख्या ज्यादा थी। उन लोगों ने सभी को मारना पीटना शुरू किया। और एक भाई को बंधक भी बना लिया। इतना ही नहीं दहशत पैदा करने की गरज से गोली भी दागने लगे।

इसकी सूचना किसी ने कृष्णाब्रह्म थाने की पुलिस को दी। यह घटना पुलिस स्टेशन से कुछ दूरी पर ही हो रही थी। इस वजह से पुलिस तुरंत ही वहां जा धमकी। एक युवक जिसे बंधक बनाया गया था। उसे मुक्त करा लिया गया। मौके से 12 बोर के बंदूक का एक खोखा तथा बंदूक के कुछ टूटा पार्टस भी बरामद किया गया। साथ ही एक आरोपी विकेश सिंह ग्राम अरक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित युवती ने बताया कि मेरा गांव इसी थाना क्षेत्र में है। शादी आरा जिला के शाहपुर इलाके में हुई है। पति के साथ मायके आई हुई थी। शाम में बाजार चली आई तो इन लोगों ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस ने उन दोनों के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें  टुड़ीगंज के शमशेर सिंह, माना सिंह, सूरज सिंह, उतम सिंह तथा रोहित सिंह का नाम शामिल है। इस घटना के बाद दो गांव के लोगों में तनाव व्याप्त हो गया है। इस संबंध में पूछने पर कृष्णाब्रह्म के थानाध्यक्ष से पूछा गया कि क्या विवाद किसी पुरानी रंजीश के कारण हुआ है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है? थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि विवाद अचानक हुआ है। पुलिस छापामारी कर रही है। अन्य सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here