एनसीसी कैडेट्स और शिक्षकों ने मिलकर दिया प्रकृति बचाने का संदेश बक्सर खबर। शहर के एमपी हाई स्कूल में बुधवार को पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेट्स द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष का थीम आवर पावर, आवर प्लैनेट रखा गया, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता के नुकसान से पृथ्वी को बचाने के प्रति छात्रों को जागरूक करना था। साथ ही आवर पावर, आवर प्लैनेट अभियान के तहत वर्ष 2030 तक स्वच्छ बिजली उत्पादन को तीन गुना बढ़ाने के लक्ष्य पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अरविन्द सिंह ने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है, जिसकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1970 से हर साल 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे कदम उठाकर पर्यावरण को बचाने में योगदान दें, जैसे पेड़ लगाना, ऊर्जा की बचत करना और प्लास्टिक का कम उपयोग करना। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में पृथ्वी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गुरुवार को भी सुबह से पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक अनूप कुमार, रजनीश पाठक, विनोद चौबे, रामेंद्र पांडेय, संदीप कुमार, अंजू, अनु कुमारी, अनीता कुमारी, नीता कुमारी, अशोक कुमार, मृदुला सिंह, रूबी कुमारी, तमन्ना प्रवीन सहित अन्य उपस्थित रहे।




























































































