नहरे बेपानी, कैसे होगी किसानी, सोन का है बुरा हाल

0
381

बक्सर खबर। मौसम की बेरुखी से किसान परेशान हैं। उन्हें यह समझ में नहीं आ रहा इस बार क्या होगा। खेती होगी या सूखे का दंश झेलना होगा। क्योंकि फिलहाल पर्याप्त बारिश होने के आसार नहीं दिख रहे। नहर ने भी जिले में दगा दे दिया है। सोन नहर की अधिकांश शाखाएं सुखी हैं। कहीं पानी नजर नहीं आ रहा। आद्रा नक्षत्र गुजरे एक पखवारा हो गया। लेकिन बारिश का अभी तक पता नहीं है। किसान नहर की तरफ आस लगाए देख रहे हैं। लेकिन सिंचाई विभाग का जवाब सुनने के बाद परेशानी और बढ़ जाती है। सोन नहर के कार्यपालक अभियंता का जवाब है नद में पानी बहुत कम है। सिर्फ सिकरौल नहर में कुछ आपूर्ति हो रही है। लेकिन वह इतना पर्याप्त नहीं कि उसे अन्य नहरों में छोड़ा जा सके।

क्योंकि डिहरी से ही जिले को कम पानी मिल रहा है। चौसा कैनाल में पानी की आपूर्ति कब होगी। उनका जवाब है वह मेरा डीविजन नहीं है। गंगा पंप के अभियंता फोन उठाते नहीं। इस स्थिति में जिलाधिकारी राघवेन्द्र सिंह से पूछा गया। उन्होंने कहा समस्या गंभीर है लेकिन सोन नद में ही पानी नहीं है। मध्य प्रदेश से पानी की आपूर्ति होती है। वहीं से सिंचाई के लिए कम पानी छोड़ा जा रहा है। इस स्थिति में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। यह हाल है इस बार जिले का। अर्थात बारिश नहीं हुई तो खेत की तरह किसान भी चिंता में सूख जाएंगे। कुल मिलाकर फिलहाल नहरों में पानी की आपूर्ति संभव नहीं दिख रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here