ट्रेन में बिगड़ी तबीयत, आईईएसएम ने कराया बेहतर इलाज बक्सर खबर। मानवता और सेवा भावना की एक प्रेरणादायक मिसाल मंगलवार को शहर में देखने को मिली। पश्चिम बंगाल निवासी सीआरपीएफ जवान जयंत कुमार अपने बीमार पिता के इलाज के लिए छुट्टी लेकर फरक्का एक्सप्रेस से घर जा रहे थे। अचानक छुट्टी मिलने के कारण उन्हें जनरल डिब्बे में यात्रा करनी पड़ रही थी। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने यात्रियों से मदद की गुहार लगाई। यात्रियों ने उन्हें ट्रेन से उतार दिया, जिसके बाद ई-रिक्शा चालक अर्जुन राम ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जवान को सदर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। उस समय जवान की हालत ऐसी थी कि वे ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। अगले दिन अर्जुन राम ने आरडीपीएल अस्पताल के प्रबंधक संतोष चौबे से संपर्क किया।
इसके बाद सूचना मिलने पर इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे अपनी टीम के साथ तत्काल सक्रिय हुए। पूर्व सैनिकों की टीम करीब 20 मिनट के भीतर सदर अस्पताल पहुंची और जवान को बेहतर उपचार के लिए आरडीपीएल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया। बताया गया कि भर्ती के समय उनका रक्तचाप 90/50 था। चिकित्सकों ने उनका विशेष उपचार शुरू किया। साथ ही उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। जवान का सारा सामान सुरक्षित है और परिजन बक्सर पहुंच रहे हैं। मौके पर सूबेदार विद्यासागर चौबे, सूबेदार रामनाथ सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, नायब सूबेदार धनंजय दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
































































































