सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी बक्सर खबर। महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से सोमवार को सिमरी प्रखंड के मझवारी पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव स्थित महादलित टोला के सरकारी भवन आंगनबाड़ी केंद्र में सखी वार्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर और जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के कर्मियों ने महिलाओं और किशोरियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, पीसीपीएनडीटी एक्ट और एमटीपी एक्ट के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान पर भी चर्चा की गई। दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और यौन शोषण जैसी समस्याओं के प्रति महिलाओं को जागरूक किया गया। जिला हब के कर्मियों ने पेंशन संबंधी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं वन स्टॉप सेंटर से मिलने वाली सुविधाओं और सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों से संवाद कर यह जाना गया कि उन्हें किन सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और किन योजनाओं से वे अब तक वंचित हैं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के कार्यालय का पता बताया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर वहां पहुंचकर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।






























































































