‌‌नाविक लापता, हत्या की आशंका

0
788

बक्सर खबर। जीवन की गाड़ी चलाने के लिए नाव चलाने वाला कामगार तीन दिन से लापता है। उसके परिवार को यह चिंता सता रही है। किसी ने उसकी हत्या तो नहीं कर दी। क्योंकि उसकी नाव तय स्थान से दो किलोमीटर दूर सोनपा के पास मिली है। वह भी डूबी हालत में। नाव का डूबना इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि उसके साथ अनहोनी हुई है। लापता मल्लाह नागेश्वर(55) के परिजन परेशान हैं। आज शनिवार को उसके पिता जगन्नाथ चौधरी ने इसकी शिकायत राजपुर थाने में दर्ज करायी है। उनके अनुसार 19 तारीख को दोपहर बाद वह नाव चलाने गया।

प्रतिदिन वह अपने गांव रोइनीभान के समीप कर्मनाशा में नाव चलाता था। इस पार से उस पार आने जाने वालों से उसे कुछ मिल जाता था। वही उसकी रोजी-रोटी का साधन था। शाम सात बजे तक जब वह वापस नहीं आया तो हम लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। क्योंकि रोज वह सात बजे तक वापस आ जाता था। लेकिन, बहुत प्रयास के बाद भी कुछ पता नहीं चला। अगले दिन सुबह एक दूसरे मल्लाह को बीच नदी में पतवार मिली। उसने घर वालों को इसके बारे में बताया। वहां जाल डालकर शव को तलाशने का प्रयास हुआ। लेकिन, कुछ हाथ नहीं लगा। आज शनिवार को सोनपा के छेरा घाट के पास उसकी नाव किनारे डूबी हुई मिली। उसकी शिकायत पर पुलिस आस-पास के चौकीदारों से पूछताछ कर रही है। लेकिन फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here