पांच दिनों तक चलेगा अभियान, 760 टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाएंगी पोलियो की दो बूंद बक्सर खबर। जिले में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हो गया। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले के अलग-अलग स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवजात शिशुओं को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। सदर प्रखंड के चुरामनपुर पंचायत भवन में बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक एवं जिले के प्रभारी सचिव अजय यादव ने अभियान का उद्घाटन किया। वहीं डुमरांव अनुमंडल के नुआंव पंचायत में प्रभारी मंत्री नंद किशोर राम ने नवजात शिशु को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 28 जून से 2 जुलाई तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इस दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग 2.60 लाख बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 760 टीमों का गठन किया गया है। इनमें 623 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को खुराक पिलाएंगी। इसके अलावा 112 ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर तथा 13 मोबाइल टीमें ईंट-भट्ठों, घुमंतू आबादी और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों का टीकाकरण करेंगी। अभियान की निगरानी के लिए 277 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अभियान में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, चाहे उसे पहले भी पोलियो की खुराक मिल चुकी हो। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही पोलियो मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
































































































