यह मुठभेड़ नहीं, सीधा कत्ल है… : पूर्व सैनिक

0
27

बेलौटी पहुंचे आईईएसएम के सैकड़ों पूर्व सैनिक, दिवंगत भरत तिवारी को शहीद का दर्जा देने और दोषियों को कड़ी सजा की मांग                                                                                  बक्सर खबर। भोजपुर जिले के बेलौटी गांव में रविवार को इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट, बक्सर इकाई के बैनर तले सैकड़ों पूर्व सैनिक भरत भूषण तिवारी के घर पहुंचे। चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पांडेय के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत भारत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सैनिकों ने भारत भूषण तिवारी के दसवें श्राद्धकर्म में भी भाग लिया। इसके बाद वे उस स्थान पर पहुंचे, जहां उनकी हत्या हुई थी। वहां मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। डॉ. मेजर पीके पांडेय ने कहा कि भारत भूषण तिवारी के मामले में शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

आईईएसएम के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिया हो तो उसकी हत्या नहीं की जानी चाहिए थी। उन्होंने भारत भूषण तिवारी को शहीद का दर्जा देने की भी मांग की। जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि यह मुठभेड़ नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि किसी भी व्यक्ति की न्यायपूर्ण आवाज को दबाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने “भारत माता की जय”, “भारत भूषण तिवारी अमर रहें” और “भारत भूषण तिवारी को न्याय दो” के नारे लगाए। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक सेना की टोपी पहनकर पहुंचे। कार्यक्रम में आईईएसएम के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here