सुघर डेरा के पास सीमेंट मिक्सिंग फैक्ट्री की जेसीबी ने मारी टक्कर बक्सर खबर। कोरान सराय थाना क्षेत्र के डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर रविवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी, बहन और तीन वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान नावानगर निवासी विकास कुमार 35 वर्ष, पुत्र गणेश ठाकुर के रूप में हुई है। वह पत्नी प्रियांशु कुमारी और परिजनों के साथ बक्सर में गंगा स्नान कर बाइक से घर लौट रहे थे। सुघर डेरा के पास एक सीमेंट मिक्सिंग फैक्ट्री से निकल रही जेसीबी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने विकास कुमार को मृत घोषित कर दिया। पत्नी प्रियांशु कुमारी, बहन और तीन वर्षीय बेटी नंदनी कुमारी का इलाज जारी है। बताया जाता है कि विकास कुमार दिल्ली की एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत थे। मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह करीब एक सप्ताह पहले ही गांव आए थे। उनके परिवार में पांच वर्षीय बेटा विवेक कुमार और तीन वर्षीय बेटी नंदनी कुमारी हैं।
































































































