आठवीं पास से आईटीआई तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग बक्सर खबर। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। जिला नियोजनालय द्वारा 30 जून को संयुक्त श्रम भवन परिसर स्थित आईटीआई मैदान में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चलेगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी एलीट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड मेले में भाग लेकर अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन करेगी। कंपनी द्वारा उत्पादन सहायक और पैकिंग सहायक के कुल 100 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
दोनों पदों के लिए आठवीं, दसवीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 16 हजार से 18 हजार रुपये तक हाथ में वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त अतिरिक्त कार्य अवधि का भुगतान, कर्मचारी राज्य बीमा, भविष्य निधि, ग्रेच्युटी और बोनस जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। नियुक्ति के बाद कार्यस्थल केरल के त्रिशूर और कोच्चि तथा तमिलनाडु के होसुर में होगा। कंपनी की ओर से निःशुल्क भोजन और साप्ताहिक अवकाश की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का निबंधन नहीं हुआ है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। रोजगार मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने बायोडाटा और आधार कार्ड के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने को कहा गया है।































































































