– लाढ़ोपुर नारा के समीप सुबह हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। माता-पिता के साथ सोमवार की सुबह गंगा स्नान करने गया बालक सबकी आंखों के सामने गंगा में डूब गया। परिजनों ने यह नजारा देखा तो उसे बचाने दौड़े लेकिन, समय रहते उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। दुर्घटना सुबह पांच बजे के लगभग लाढ़ोपुर नारा के समीप हुई। मृत बालक हिमांशु (12) जोकहीं गांव के दिनेश राय का पुत्र था। ग्रामीणों ने बताया सोमवार की सुबह गंगा स्नान के लिए परिजन के साथ दोनों बच्चे गए थे। परिवार के लोग अभी तट से कुछ दूर ही थे। तभी दोनों बच्चे दौड़ कर गंगा में कूद गए और डूबने लगे।
छोटे को परिवार वालों ने बचा लिया। लेकिन, बड़ा अंदर ही रह गया। काफी प्रयास के बाद शव मिल पाया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल भागे। लेकिन, चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस क्षेत्र के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु राय ने बताया, इस घटना से पूरा गांव दुखी है। हम लोगों ने मुफस्सिल थाने को इसकी सूचना दी। उन लोगों ने पोस्टमार्टम के उपरांत थाने आने की सलाह दी है।































































































