मॉडल स्कूलों के प्रभावी संचालन को लेकर डीएम साहिला ने की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश

0
38

एनएमएमएसएस सफल छात्रों को नामांकन में प्राथमिकता, 27 चयनित शिक्षकों की हुई प्रतिनियुक्ति                                                  बक्सर खबर। जिले के सभी प्रखंडों में संचालित मॉडल स्कूलों के प्रभावी संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला ने की। बैठक में बताया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल स्कूल स्थापित किया गया है। इन विद्यालयों में नामांकन के लिए राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना में सफल विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई है। विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इच्छुक शिक्षकों का साक्षात्कार लिया गया। इसके आधार पर 27 शिक्षकों का चयन कर विभिन्न मॉडल स्कूलों में प्रतिनियुक्त किया गया है।जिलाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। बैठक में बीएसईआईडीसी के सहायक अभियंता को सभी मॉडल स्कूलों का निरीक्षण करने और लंबित निर्माण व मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। मॉडल स्कूलों की विशेषताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) तथा जिले के सभी मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here