दूसरे की तलाश जारी, एक बच्चे को लोगों ने बचाया बक्सर खबर। शहर के छोटकी सारीमपुर पुलिया घाट पर शुक्रवार को दशकर्म की रस्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान करने उतरे तीन बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बच्चे की जान बच गई, जबकि दो बच्चे डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरौली निवासी मनोज कुमार सिंह के पिता के निधन के बाद गंगा घाट पर दशकर्म की प्रक्रिया चल रही थी। परिवार के लोग गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान बच्चे भी नदी में नहाने उतर गए। बताया जाता है कि स्नान के दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
बच्चों को बचाने के लिए घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद भदार निवासी अनिल सिंह के 12 वर्षीय पुत्र रतन सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं मनोज सिंह के सात वर्षीय पुत्र रुद्र कुमार और मनियर निवासी 12 वर्षीय छोटू कुमार गंगा में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक गोताखोरों ने रुद्र कुमार का शव बरामद कर लिया, जबकि छोटू कुमार की तलाश जारी रही। दर्दनाक हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोग भी घटना से स्तब्ध नजर आए।

































































































