-हत्या या हादसा … ………….एफएसएल टीम कर रही जांच बक्सर खबर। जिले के कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव के बधार स्थित नहर के पईन में बुधवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। युवक लाल रंग का टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पहने हुए था। प्रथम दृष्टया शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है। इधर, शव की पहचान को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है ताकि मृतक की पहचान जल्द से जल्द हो सके। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।






























































































