जन्मस्थली उनवांस में भव्य पार्क और सड़क नामकरण की मांग बक्सर खबर। हिंदी साहित्य के प्रख्यात पुरोधा और पद्मभूषण से सम्मानित आचार्य शिवपूजन सहाय की विरासत को संरक्षित और जीवंत बनाए रखने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस क्रम में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं कायस्थ परिवार के प्रदेश संयोजक अधिवक्ता सुमन कुमार श्रीवास्तव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। सौंपे गए मांग पत्र में आचार्य शिवपूजन सहाय की जन्मस्थली उनवांस में एक भव्य पार्क के निर्माण, इटाढ़ी-धनसोई मार्ग का नाम बदलकर आचार्य शिवपूजन सहाय मार्ग करने समेत कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
सुमन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि साहित्य जगत में बक्सर जिले का नाम रोशन करने वाले इस महान व्यक्तित्व की स्मृतियां धीरे-धीरे धुंधली होती जा रही हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आचार्य शिवपूजन सहाय केवल एक साहित्यकार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक हैं। उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस महान विभूति के योगदान से परिचित हों और उन्हें वह सम्मान मिले, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं।




























































































