दिनदहाड़े गल्ला व्यवसायी से लूट, दो गिरफ्तार, दो फरार

0
1446

बैंक से रुपये निकाल लौट रहे थे पीड़ित स्थानीय लोगों की तत्परता से दो बदमाश धराए                                    बक्सर खबर। डुमरांव में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दिनदहाड़े एक गल्ला व्यवसायी से लूट की घटना को अंजाम दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों की सजगता और साहस के चलते दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार नंदन गांव निवासी स्वर्गीय द्वारिका गोंड के पुत्र मनु कुमार अनाज व्यवसाय से जुड़े हैं। बुधवार को वे राजगढ़ परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से एक लाख रुपये निकालकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शहर के व्यस्त छठिया पोखरा मोहल्ले के पास पहले से घात लगाए चार बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने मनु कुमार के हाथ से रुपयों से भरा झोला छीन लिया और भागने लगे। झोले में एक लाख रुपये नकद के अलावा छह लाख रुपये के दो भरे हुए चेक और अन्य जरूरी कागजात भी थे।

व्यवसायी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों की घेराबंदी कर दी। इस दौरान दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि एक बदमाश झोला लेकर फरार हो गया। चौथा साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, जो अपने साथी के साथ मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here