महंगाई, श्रम नीतियों और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ तेज आंदोलन का आह्वान बक्सर खबर। भाकपा-माले कार्यकर्ताओं द्वारा डुमरांव में पार्टी का 58वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता छविनाथ पासवान ने झंडोत्तोलन किया तथा केंद्रीय कमिटी के आह्वान का पाठ किया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव बीरेंद्र सिंह और सत्यनारायण पासवान के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने देश और दुनिया की वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। ललन राम ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस ऐसे समय में मनाया जा रहा है, जब वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल और आर्थिक चुनौतियां गहराती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण देश को अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर मजदूरों, प्रवासी कामगारों और आम जनता पर पड़ रहा है।
कन्हैया पासवान ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, ईंधन और खाद संकट के साथ-साथ श्रम नीतियों में बदलाव के खिलाफ व्यापक असंतोष देखा जा रहा है। मजदूर वर्ग नई श्रम संहिताओं के विरोध में आवाज बुलंद कर रहा है, वहीं किसान समुदाय संभावित व्यापारिक समझौतों के खिलाफ संघर्ष की तैयारी में जुटा है। चौगाई सचिव बीरेंद्र सिंह ने मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर चिंता जताई। उन्होंने सामाजिक न्याय के मुद्दों को पुनः केंद्र में लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आने वाला समय जन आंदोलनों के लिए निर्णायक साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में पार्टी की ओर से देश को वास्तविक अर्थों में संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया। साथ ही महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने तथा इस मुद्दे पर भ्रामक प्रचार बंद करने की मांग भी उठाई गई।
इस मौके पर प्रखंड सचिव धर्मेन्द्र सिंह यादव, खेग्रामस जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला कमिटी सदस्य ललन राम, कृष्णा राम, संजय शर्मा, ऐपवा नेत्री पूजा कुमारी, युवा नेता अरविंद यादव, आरवाईए नेता बाबूलाल राम, रिंकू कुरैशी, नगर कमिटी सदस्य सुरेश यादव, राधेश्याम शर्मा, जगन्नारायण राय, मनोज राम, जाबिर खान, रामेश्वर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




























































































