वीर कुंवर सिंह जयंती पर छात्रों ने थामी हरियाली की कमान

0
43

एमपी उच्च विद्यालय में इको क्लब के तहत वृक्षारोपण, प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों को सिखाए स्थायी जीवनशैली और कचरा प्रबंधन के गुर                                                   बक्सर खबर। शहर के एमपी उच्च विद्यालय में बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती एवं पुस्तक दिवस के अवसर पर इको क्लब के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार सिंह ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया तथा बागवानी क्षेत्र की सफाई और सिंचाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के महत्व से अवगत कराया और उन्हें इसके प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति सचेत रहने का अर्थ है अपने आसपास के वातावरण की रक्षा करना और स्थायी जीवनशैली अपनाना। इसके तहत प्लास्टिक का उपयोग कम करना, कागज या कपड़े की थैली का प्रयोग, पानी और बिजली की बचत, अनावश्यक संसाधनों की बर्बादी रोकना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदूषण कम करने के लिए डीजल-पेट्रोल वाहनों का सीमित उपयोग करना चाहिए और कचरा प्रबंधन के तहत गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखना चाहिए। साथ ही पुरानी वस्तुओं को पुनः उपयोग में लाने की आदत विकसित करनी चाहिए। प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है, जिसके लिए पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य है। इस अवसर पर शिक्षक अनूप कुमार, रमेंद्र पांडेय, शीबू कुमारी, परिचारी रमेश प्रसाद सहित छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here