भीषण गर्मी को देखते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों में निशुल्क ठंडे पानी की व्यवस्था

0
99

नगर परिषद की पहल, राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए 10 अस्थायी प्याऊ और 60 वाटर एटीएम शुरू                                             बक्सर खबर। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर परिषद बक्सर द्वारा शहरवासियों और राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। नगर प्रशासन ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार के इंतजाम सुनिश्चित किए हैं, ताकि लोगों को गर्मी से बचाव मिल सके। नगर परिषद की पहल के तहत शहर में 10 अस्थायी प्याऊ लगाए गए हैं, जहां राहगीरों के लिए निशुल्क ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा पूरे शहर में 60 वाटर एटीएम के माध्यम से शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

यह सुविधाएं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख गंगा घाटों, श्मशान घाट, कब्रिस्तान सहित स्टेशन रोड, पीपी रोड गोलंबर, ज्योति प्रकाश चौक, किला मैदान, नाथ बाबा मंदिर और सीताराम विवाह महोत्सव स्थल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही नगर परिषद के विस्तारित क्षेत्रों जैसे पांडेय पट्टी, अहिरौली और सारिमपुर में भी पेयजल की व्यवस्था की गई है। नगर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे भीषण गर्मी में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, धूप में निकलते समय सावधानी बरतें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। नगर परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए लोग टोल फ्री नंबर 18008433411 पर संपर्क कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here