-योजनाओं की अनदेखी और कार्यालय में नहीं बैठने का लगाया आरोप
बक्सर खबर। जिला परिषद के सदस्यों ने डीडीसी निहारिका छवी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सदस्य जिला परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इसमें कई प्रमुख सदस्य शामिल थे। उनके हाथों में अपनी मांग और प्रशासनिक विरोध की तख्तियां थी। इन सदस्यों ने आरोप लगाया। जिला परिषद की सचिव सह उप विकास आयुक्त निहारिका छवी कभी कार्यालय नहीं आती। छह माह से अधिक का समय उनके पद संभाले हो गया। लेकिन, उन्होंने नियम विरूद्ध कार्य शुरू कर दिया है। हमारे द्वारा चयनित योजनाओं पर उनका ध्यान नहीं है।
वित्तीय वर्ष समाप्त हो चुका है। जो कार्य पिछले वर्ष में होने चाहिए थे। वह अभी भी प्रशासनिक लापरवाही के कारण लंबित पड़े हैं। कई योजनाओं की राशि वे उनके अंतर्गत होने वाले विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। बार-बार आग्रह के बाद भी वह सदस्यों की नहीं सुन रहीं। इनके खिलाफ हमारा धरना अनिश्चितकालीन है। वह आगे भी जारी रहेगा। हालांकि जिला परिषद के सदस्यों ने अभी कोई मांग पत्र प्रशासन को नहीं दिया है। लेकिन, कुछ दिन पूर्व जो आवेदन इन सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय को धरने के सूचनार्थ दिया था। उसमें इन बातों का उल्लेख किया गया है। जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी से पूछने पर उन्होंने कहा। सदस्य प्रशासन की उपेक्षा से परेशान हैं। इसलिए उन लोगों ने यह लोकतांत्रिक तरीका अपनाया है। मंगलवार को भी यह धरना जारी रहेगा।





























































































