टेंपो से तस्करी की जा रही 102 लीटर विदेशी शराब जब्त

0
399

यूपी से लाई जा रही थी शराब की खेप, उत्पाद विभाग की सघन जांच में एक गिरफ्तार                                      बक्सर खबर। मंगलवार की सुबह उत्पाद विभाग द्वारा चौसा चेक पोस्ट पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान टीम ने शराब तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चेक पोस्ट प्रभारी प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में अलग-अलग ब्रांड की कुल 31.500 लीटर विदेशी शराब एवं 71 लीटर बियर बरामद की गई। इस प्रकार कुल 102.500 लीटर शराब की खेप जब्त की गई है। उक्त शराब उत्तर प्रदेश से टेंपो (बीआर 45 पी-5989) के माध्यम से डुमरांव ले जाई जा रही थी।

जांच के दौरान टीम ने संदेह होने पर वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें विशेष रूप से छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान डुमरांव थाना क्षेत्र के हातापुर निवासी तेजू यादव के 19 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने टेंपो और शराब को जब्त कर लिया है तथा आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here