कनेहरी उच्च विद्यालय में 10 छात्र-छात्राएं बेहोश

0
121

लू और तेज तापमान से बिगड़ी तबीयत, मेडिकल टीम की तत्परता से सभी सुरक्षित                                         बक्सर खबर। जिले के राजपुर प्रखंड स्थित कनेहरी उच्च विद्यालय में सोमवार को भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से करीब 10 छात्र-छात्राएं अचानक बेहोश हो गए। इस घटना से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई और शिक्षकों के बीच हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह चेतना सत्र समाप्त होने के बाद जैसे ही कक्षाओं में पढ़ाई शुरू हुई, उसी दौरान बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। तेज धूप और लू के कारण कई छात्र-छात्राएं चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। देखते ही देखते करीब 10 बच्चों की हालत गंभीर हो गई।

घटना के बाद प्रधानाध्यापक अरबिंद कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी प्रभावित बच्चों को पंखे के नीचे लिटाकर प्राथमिक उपचार शुरू कराया और वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इधर, बच्चों के बेहोश होने की खबर मिलते ही अभिभावकों में भी हड़कंप मच गया और वे बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचने लगे। सूचना मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से प्रभावित छात्राओं को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां इलाज के बाद सभी बच्चों की स्थिति में सुधार हुआ और दोपहर बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एहतियातन विद्यालय में कुछ ही देर बाद छुट्टी घोषित कर दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here