मॉक ड्रिल और प्रतियोगिताओं से बच्चों को मिला जीवन रक्षा का पाठ

0
21

पोस्टर-निबंध के जरिए जागरूकता, पास तकनीक और आपातकालीन निकासी का दिया गया प्रशिक्षण                                       बक्सर खबर। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर 14 से 20 अप्रैल तक चल रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह का समापन सोमवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। शहर के एकेडमिक ग्लोबल स्कूल परिसर में अग्निशमन विभाग के सहयोग से वृहद फायर सेफ्टी अवेयरनेस एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आपात स्थिति में सही निर्णय लेने के लिए तैयार करना था।कार्यक्रम की शुरुआत निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता से हुई। पोस्टर मेकिंग में बच्चों ने अग्नि सुरक्षा उपकरणों, डायल 101 के महत्व तथा आग से सुरक्षा-जीवन की रक्षा जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र उकेरे। वहीं निबंध लेखन में छात्रों ने आग लगने के कारण, बचाव के उपाय और नागरिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार व्यक्त किए।

इसके बाद अग्निशमन टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान पास तकनीक से अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग, आग लगने पर बिना अफरा-तफरी सुरक्षित बाहर निकलने की प्रक्रिया तथा गैस सिलेंडर में आग लगने पर गीले बोरे या कंबल से बुझाने के तरीके बताए गए। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और यदि वे सुरक्षा के नियमों को अभी से अपनाते हैं, तो समाज को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अग्निशमन दल के प्रति आभार जताया। इसी क्रम में शहर के चीनी मिल मोहल्ला स्थित योगेंद्र नाथ इंडियन गैस एजेंसी एवं राजपुर स्थित एलपीजी गैस एजेंसी में भी अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया तथा मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here