प्रो. महेश दत्त सिंह को मिला राज्यपाल का विशेष पत्र, पीसी कॉलेज में हर्ष की लहर

0
551

महामहिम ने प्राचार्य को बताया प्रतिष्ठित शिक्षाविद् , उच्च शिक्षा की बेहतरी के लिए मांगा सहयोग                                                  बक्सर खबर। बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल सह कुलाधिपति ले. जनरल सैयद अता हसनैन द्वारा शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् और प्रणव चटर्जी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महेश दत्त सिंह को भेजे गए एक विशेष पत्र के बाद शैक्षणिक गलियारों में उत्साह का माहौल है। इस पत्र के आलोक में शनिवार को महाविद्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यपाल के विजन और उच्च शिक्षा की बेहतरी पर चर्चा हुई। राज्यपाल द्वारा 14 अप्रैल को जारी पत्र में प्राचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया है। महामहिम ने प्राचार्य को एक ‘प्रतिष्ठित शिक्षाविद्’ बताते हुए विश्वास जताया कि उनके जैसे अनुभवी लोगों का सहयोग बिहार के शैक्षणिक संस्थानों को मजबूत करने और उत्कृष्टता का माहौल बनाने में अमूल्य साबित होगा। पत्र में राज्यपाल ने राज्य की उच्च शिक्षा के विकास और समग्र उन्नति के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता भी दोहराई है।

राज्यपाल का पत्र प्राप्त होने के बाद, शनिवार सुबह 10:10 बजे प्राचार्य कक्ष में प्रो. महेश दत्त सिंह की अध्यक्षता में प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की एक विशेष बैठक संपन्न हुई। राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी प्रो. डॉ. शिवजी पाण्डेय ने प्राचार्य को महामहिम से प्राप्त इस सम्मान के लिए पूरे महाविद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्राचार्य के मार्गदर्शन में महाविद्यालय बिहार के छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि यह पत्र केवल प्राचार्य के लिए नहीं, बल्कि पूरे जिले के शिक्षाकर्मियों के लिए एक मार्गदर्शक और ऊर्जा का स्रोत है। बैठक के दौरान महाविद्यालय के सदस्यों ने महामहिम राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, यह उम्मीद जताई कि प्राचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह इसी तरह भविष्य में भी बड़े पदों पर कार्य करते हुए शिक्षा जगत की सेवा करते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here