13 दिनों में 69 हजार से अधिक सिलेंडर का वितरण, कालाबाजारी पर कार्रवाई जारी बक्सर खबर। जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत संचालित कुल 27 गैस एजेंसियों के माध्यम से 13 मार्च से 26 मार्च तक 69,625 गैस सिलेंडरों का सफलतापूर्वक वितरण किया गया है। वहीं 26 मार्च तक एजेंसियों के पास 2,706 सिलेंडर का स्टॉक भी उपलब्ध है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कराकर आसानी से घर बैठे गैस प्राप्त कर सकते हैं।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीनों कंपनियों ने विभिन्न माध्यम उपलब्ध कराए हैं- इंडेन गैस: व्हाट्सऐप- 7588888824, मिस्ड कॉल- 8454955555, इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम- 7718955555 एचपी गैस: व्हाट्सऐप- 9222201122, मिस्ड कॉल- 9493602222, इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम- 8888823456 भारत गैस: व्हाट्सऐप- 1800224344, मिस्ड कॉल- 7710955555, इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम- 7715012345 गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति दी गई है।
गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या समस्या के लिए उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं। यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय है। जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। 26 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष में कुल 415 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 373 शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।


































































































