पूर्व सैनिकों ने उठाई सैनिक कल्याण परिसर की मांग, विधायक को सौंपा ज्ञापन

0
313

9 वर्षों से लंबित परियोजना को जल्द शुरू कराने की अपील                                                                    बक्सर खबर। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डुमरांव विधायक राहुल सिंह को ज्ञापन सौंपकर पिछले 9 वर्षों से लंबित सैनिक कल्याण परिसर के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई। संघ के जिलाध्यक्ष पूर्व सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि जिले में लगभग 10 हजार सेवानिवृत्त सैनिकों एवं वीर नारियों के कल्याण के लिए यह परिसर अत्यंत जरूरी है। प्रस्तावित परिसर में पॉलीक्लिनिक, कैंटीन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय और विश्राम गृह जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे पूर्व सैनिकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस परियोजना से संबंधित फाइल वर्ष 2017 से जल संसाधन विभाग में लंबित है, जिसके कारण निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने विधायक से अनुरोध किया कि इस मामले को मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराया जाए।

साथ ही यह भी मांग रखी गई कि यदि पूर्व में चिह्नित भूमि (खाता-260, खेसरा-941) पर किसी प्रकार की तकनीकी बाधा है, तो वैकल्पिक रूप से रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड के समीप किसी अन्य सरकारी जमीन पर परिसर का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। विधायक राहुल सिंह ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि पूर्व सैनिकों की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और विभागीय अड़चनों को दूर कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में संघ के संरक्षक पूर्व कर्नल एनएन सिंह, पूर्व सूबेदार मेजर हरि शंकर सिंह, पूर्व सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व नायब सूबेदार मिथिलेश कुमार यादव, तारा बाबू सिंह, जयप्रकाश प्रसाद, मोहन यादव, रमाकांत सिंह, विपिन बिहारी सिंह, ध्रुव यादव, अवध यादव, मनजी सिंघानिया, हरि किशुन पाल, सीताराम प्रसाद, जगलाल प्रसाद, पूर्व सूबेदार मेजर दीन दयाल प्रसाद एवं पूर्व कैप्टन राजीव रंजन तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here