एमवी कॉलेज में बौद्धिक विकास और प्रतियोगी भावना को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा गुरुवार को ओपन क्विज टेस्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो.डॉ. कृष्णा कान्त सिंह ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के क्विज टेस्ट छात्रों के बौद्धिक विकास, त्वरित निर्णय क्षमता तथा प्रतियोगी भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव इस तरह के शैक्षणिक आयोजनों के प्रति प्रतिबद्ध है। क्विज प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने पूरे उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया। आयोजन का माहौल ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा, जिससे विद्यार्थियों को नई सीख प्राप्त हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन अर्थशास्त्र विभाग के शिक्षकों के कुशल निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. अमृता कुमारी, डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. आदित्य सिंह एवं डॉ. विकास कुमार राणा उपस्थित रहे। अंत में विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

































































































